कीचड़ में चलने को मजबूर मोहल्लेवासी, स्वच्छता मिशन की उड़ रही धज्जियां

 

संवाददाता हमीरपुर/राठ। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत मिशन योजना कस्बे में दम तोड़ती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कस्बे के कई मोहल्लों में हालात बद से बदतर बने हुए हैं। जगह-जगह कीचड़ से लबालब सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को लगभग आधा सैकड़ा मोहल्लेवासियों ने तहसील पहुंचकर संपूर्ण समाधान दिवस में ज्ञापन सौंपते हुए साफ सफाई कराने और सड़क निर्माण की मांग की है। मामला नगर के सिकंदरपुरा वार्ड नंबर-1 का है, जहां इन दिनों मोहल्ले की सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। हालत यह है कि राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी इसी कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जमे कीचड़ की समय से सफाई न होने के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व यहां सड़क डाली गई थी, लेकिन जिस व्यक्ति के नाम जमीन दर्ज है, वह रास्ता देने से इनकार कर रहा है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। मोहल्ले के निवासियों संजय चौरसिया, लाखन राजपूत, जीतू राजपूत, दीपक साहू, संतोष कुमार, अनिल कुमार, ओमप्रकाश, दुर्गादीन, अली मोहम्मद, मंजू, फूलवती, खेमचंद साहू, बृजेंद्र साहू, पवन, रामकुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से न सड़क बनी है, न पानी निकासी की व्यवस्था है। कई बार नगर पालिका राठ में शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *