9 जुलाई को मनाया जाएगा ‘शिक्षक शौर्य दिवस’, शिक्षकों का होगा सम्मान

लखनऊ। स्ववित्तपोषित विद्यालय प्रबंधक एसोसिएशन की ओर से देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर 9 जुलाई (गुरुवार) को राजधानी के सहकारिता भवन में “शिक्षक शौर्य दिवस” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से विद्यालय प्रबंधक, शिक्षक, शिक्षा से जुड़े गणमान्य लोग तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षक शौर्य दिवस का उद्देश्य उन शिक्षकों का सम्मान करना है, जिन्होंने अपने विद्यालयों में उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण तैयार करने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षक की भूमिका और नई पीढ़ी के निर्माण में विद्यालयों की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में शिक्षक के सम्मान और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *