अखिल भारतीय ब्रह्म समाज के 24वें सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने किया सम्मानित
लखनऊ। अखिल भारतीय ब्रह्म समाज के तत्वावधान में रविवार को रविंद्रालय सभागार, चारबाग में 24वां मेधावी छात्र-
छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न शिक्षा बोर्डों के 341 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा विशिष्ट अतिथि खाद्य एवं रसद मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने मेधावियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में आईसीएसई बोर्ड में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शिवम अवस्थी को ब्रह्मलीन पं. करुणा शंकर शुक्ल स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान श्रीमती सरोजिनी शुक्ल तथा सुधीन्द्र कुमार शुक्ल, देवेन्द्र शुक्ल और योगेन्द्र शुक्ल ने प्रदान किया। इसके साथ ही विभिन्न शिक्षा बोर्डों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 14 मेधावियों को ब्रह्मलीन जगन्नाथ प्रसाद शुक्ल एवं ब्रह्मलीन रामेश्वरी देवी स्मृति विशेष शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से शिवम अवस्थी को एक साइकिल भी भेंट की गई।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी.पी. अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और लगन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वहीं डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश के विकास में मेधावी विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उन्हें समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।
समारोह में सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंगनाथ पाण्डेय, पूर्व सांसद डॉ. अशोक बाजपेई, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, एमएलसी मुकेश शर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, पूर्व विधायक सुरेश चंद्र तिवारी, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अर्जुन द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष कोमल द्विवेदी, राष्ट्रीय महामंत्री देवेन्द्र शुक्ल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार मिश्र तथा अन्य पदाधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रदेश अध्यक्ष विजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में वेद प्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर संस्था के अनेक पदाधिकारी, समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीकांत तिवारी सहित बड़ी संख्या में अतिथि एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
