बाइक बचाने में पलटी पुलिस जीप, होमगार्ड की मौत, दरोगा गंभीर

हमीरपुर/सरीला। राठ–उरई मार्ग पर जरिया थाना क्षेत्र के चुरहा मोड़ के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिकासी थाना पुलिस की सरकारी जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चिकासी थाने में तैनात होमगार्ड ब्रजेंद्र कुमार (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सब इंस्पेक्टर मोहित देव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने बताया कि दरोगा मोहित देव रविवार को गार्ड ब्रजेंद्र कुमार के साथ राठ कस्बे में एक मामले में शव का पोस्टमार्टम कराने गए थे। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में दोनों सरकारी जीप से चिकासी थाना लौट रहे थे। इसी दौरान चुरहा मोड़ के पास सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। इससे जीप का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे में गार्ड ब्रजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा मोहित देव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सीएचसी गोहांड ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उरई रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही जरिया थाना प्रभारी दिनेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य कराया। मृतक गार्ड के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीओ सरीला शाहरुख खान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। वाहन की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *