महाशिवरात्रि पर शिव बारात को लेकर हुई पीस कमेटी की मीटिंग, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश रविवार 15 फरवरी को धूमधाम से निकलेगी शिव बारात

 

हमीरपुर/सरीला। कस्बा सरीला में महाशिवरात्रि महोत्सव और शिव बारात को शांतिपूर्ण व भव्य ढंग से संपन्न कराने को लेकर रविवार को चौकी सरीला में पीस मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम बलराम गुप्ता ने की, जबकि सीओ शाहरुख खान भी मौजूद रहे। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष, विभिन्न वार्डों के सभासद, विद्युत विभाग के जेई अमित, जल संस्थान से राजकुमार द्विवेदी, श्री शल्लेश्वर मंदिर कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि 15 फरवरी, रविवार को कस्बे में निकलने वाली शिव बारात के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जुलूस मार्ग का चौड़ीकरण कराया गया है और पूरे नगर को तिरंगा लाइटों से सजाया गया है, जिससे महोत्सव का माहौल और भव्य हो सके।
एसडीएम बलराम गुप्ता ने साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और जलापूर्ति को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर में मुनादी कराई जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने जानवरों को खुला न छोड़े और न ही गंदगी फैलाए। इससे जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
सीओ शाहरुख खान ने सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि शिव बारात में आने वाले वाहनों के लिए जरिया बस स्टैंड, ममना बस स्टैंड रोड, खेड़ा रोड और बरहरा रोड पर नाकों पर बैरीकेडिंग की जाएगी तथा इन्ही स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। शिवरात्रि तक सुरक्षा गश्त बढ़ाने, वाहनों की चेकिंग और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान के निर्देश चौकी प्रभारी को दिए गए।
बैठक में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजाराम यादव, दिनेश गुप्ता चच्चू, ब्रजमोहन कुशवाहा, पिंटू, राजू गुप्ता, नरेंद्र यादव, सभासद अरविंद मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग और नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *