हमीरपुर/सरीला। सरीला क्षेत्र के जमखुरी गांव में गुरुवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं-बहनें सिर पर कलश रखकर पूरे गांव में भ्रमण करती हुईं, कलश यात्रा का समापन बजरंग बली मंदिर परिसर में हुआ। भागवत कथा में परीक्षित के रूप में अमित कुमार राजपूत व उनकी पत्नी ब्रजेश रानी उपस्थित रहेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि कथा का आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम 22 जनवरी को कलश यात्रा के साथ प्रारंभ होकर 30 जनवरी को पूर्ण आहुति एवं विशाल भोज-भंडारे के साथ संपन्न होगा।
श्रीमद्भागवत कथा का रसपान मथुरा-वृंदावन धाम से पधारीं प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित आराध्या दीदी द्वारा कराया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में प्रतिवर्ष इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों की परंपरा रही है, जिसे सुनने व देखने के लिए आसपास के गांवों के साथ-साथ दूरदराज से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
