हमीरपुर। जनपद में नेशनल हाईवे-34 पर शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुमेरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहा नर्सिंग होम के पास तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का एक हाथ कटकर सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर चालक के शव को केबिन से बाहर निकाला। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
