संवाददाता हमीरपुर। जिले के ग्राम मकरांव में आज दिनांक 4 जनवरी 2026 को श्री खेरापति बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी इंगोहटा नईम खान द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल को अनुशासन, भाईचारे व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम बताया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की अच्छी खासी भीड़ मौजूद रही। नईम खान ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे टूर्नामेंट युवाओं की प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं और उन्हें नशे व गलत रास्तों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी।
श्री खेरापति बाबा क्रिकेट टूर्नामेंट समिति के अध्यक्ष प्रदुम्भ सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उपाध्यक्ष राज नारायण यादव और कोषाध्यक्ष रामबहादुर साहू ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि टूर्नामेंट में आसपास के गांवों की कई टीमें प्रतिभाग करेंगी।
टीम के कोच जयकरन कुशवाहा की देखरेख में टीम का नेतृत्व कप्तान दीपक कुशवाहा कर रहे हैं, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी सचिन राना को सौंपी गई है। टीम में सुदेश यादव, संदीप राना, आकाश कुशवाहा, अंकित कुशवाहा, विकास कुशवाहा, राहुल राना, मुकेश कुशवाहा, नईम खान, मुकेश प्रजापति, अंकित प्रजापति, सागर प्रजापति, अजय प्रजापति, विकास प्रजापति, शिवम प्रजापति, सत्यम प्रजापति, मयंक राना और राहुल कुशवाहा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
उद्घाटन मैच के साथ ही टूर्नामेंट की शुरुआत हो गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, खेल भावना और ग्रामीण एकता की झलक देखने को मिली।
