
“इस दिवाली सबको खुशहाली” मुहिम के तहत जरूरतमंदों में बांटे गए उपहार व मिठाइयां
सरोजिनी नगर (लखनऊ)।
दीपावली के पावन अवसर पर समाजसेवी संस्था यूनिक इंडियन फाउंडेशन ट्रस्ट ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बीच मिठाई, फल, खिलौने, दिए, मोमबत्तियां और उपहार वितरित कर पर्व की खुशियां साझा कीं। संस्था की विशेष मुहिम “इस दिवाली सबको खुशहाली” के तहत झोपड़पट्टियों व सड़क किनारे रहने वाले परिवारों तक दिवाली की रोशनी पहुंचाई गई।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार राठौर (आयुष) ने बताया कि हर वर्ष दीपावली से पहले संस्था ऐसे परिवारों को चिन्हित करती है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और त्यौहार के खर्च उठाने में असमर्थ हैं। उनके लिए विशेष “उपहार बैग” तैयार किया जाता है, जिसमें चूरा, खुटिया, गट्टा, खिलौने, मिठाई, फल, दिए, मोमबत्तियां आदि वस्तुएं रखी जाती हैं ताकि वे भी घर में पूजन कर दीपावली मना सकें।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के उपाध्यक्ष संदेश वर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष स्वर्गजीत यादव ने बच्चों को बिस्किट व मिठाइयां भेंट कीं और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
संस्था के प्रदेश सचिव हर्ष वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि यूनिक इंडियन फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर समाजसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां चलाई जाती हैं, जिनमें ठंड के मौसम में कंबल वितरण, स्वच्छता अभियान, निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा, मेडिकल एवं ब्लड डोनेशन कैंप और जनजागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। इन सभी कार्यों का उद्देश्य जरूरतमंदों की सेवा कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
संस्था ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं एवं शुभचिंतकों का आभार जताया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी आयुष राठौर, संदेश वर्मा, स्वर्गजीत यादव, मयंक कुमार, हर्ष वैभव श्रीवास्तव, तथा सदस्य डॉ. विकास कुमार, राहुल राज, वैभव कुमार, आलोक साहू, विशाल विश्वकर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
