लखनऊ, 18 अक्टूबर।
दीपों का पर्व दीपावली का उत्सव श्री गोविंद पब्लिक स्कूल की दोनों शाखाओं — अनौरा, अमौसी लखनऊ एवं परसादी खेड़ा, काशीराम कॉलोनी लखनऊ — में बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे दीपों, फूलों और रंगोलियों से जगमगा उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर प्रार्थना से हुआ। इसके बाद नन्हे मुन्ने विद्यार्थियों ने गणेश और लक्ष्मी जी का रूप धरकर भक्ति गीतों और पारंपरिक दीपावली गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर सभी विद्यार्थी और शिक्षक भाव-विभोर हो उठे।
विद्यालय की कक्षाओं और प्रांगण को बच्चों ने अपनी रचनात्मकता से सजाया। उन्होंने रंगोली प्रतियोगिता, दीप सज्जा, और फूल-पत्तियों से सुंदर सजावट कर परिसर को भव्य रूप दिया। हर कक्षा में विद्यार्थियों ने अपने हाथों से दीप सजाए और सुंदर-सुंदर थाल साज-सज्जा तैयार की।
प्रबंधक लक्ष्मीकांत तिवारी ने कहा कि “दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश और बुराई से अच्छाई की विजय का प्रतीक है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, सृजनशीलता और सामूहिकता की भावना को प्रोत्साहित करना है।”
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका पिंकी तिवारी, आकांक्षा कश्यप, सविता यादवऔर अर्ची गुप्ता, दीपिका गुप्ता एवं अवनीश वर्मा ने किया। दोनों शाखाओं के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। अंत में सभी बच्चों ने ‘स्वच्छ, सुरक्षित और आनंदमयी दीपावली’ मनाने का संकल्प लिया।
