राज्यपाल आज लोक गायिका पद्मश्री श्रीमती मालिनी अवस्थी के जन्मदिवस कार्यक्रम में हुईं सम्मिलित

लखनऊः   प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल आज गौतमपल्ली, लखनऊ में आयोजित लोक गायिका पद्मश्री श्रीमती मालिनी अवस्थी के 60वें जन्मदिवस तथा उनके दौहित्र राम एवं पौत्री अहिल्या के तृतीय जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चित्रकूट तुलसीपीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी, आचार्य महामंडलेश्वर जूना अखाड़ा स्वामी अवधेशानंद जी, मंत्रीगण एवं अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ एवं आरती का आयोजन किया गया।
अपने संबोधन में राज्यपाल जी ने श्रीमती मालिनी अवस्थी को 60वें जन्मदिवस तथा राम एवं अहिल्या को तृतीय जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत सुंदर एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम है, जिसमें सभी का स्नेह और आशीर्वाद समाहित है। उन्होंने कहा कि अल्प समय में भी उन्होंने यह अनुभव किया है कि पूरा परिवार संगीत साधना, ज्ञान और अनुशासन की परंपरा को समर्पित भाव से आगे बढ़ा रहा है।
राज्यपाल जी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में उत्तरदायित्व निभाना एक बड़ा कार्य होता है और संस्कारों के साथ आगे बढ़ना ही जीवन की सच्ची साधना है। उन्होंने बच्चों को स्नेहाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राम और अहिल्या दोनों आगे बढ़ें, साधना, संस्कार और शिक्षा के माध्यम से समाज व राष्ट्र का नाम रोशन करें।
राज्यपाल जी ने श्रीमती मालिनी अवस्थी की दीर्घकालीन संगीत साधना, अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और सांस्कृतिक परंपराओं को समृद्ध करने के योगदान की सराहना की।
राज्यपाल ने समस्त परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की तथा सभी को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल जी द्वारा श्रीमती मालिनी अवस्थी जी के जीवन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया तथा कार्यक्रम में श्रीमती अवस्थी पर केंद्रित डाक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *