राज्यपाल ने बजट को समावेशी, दूरदर्शी एवं जनोन्मुखी बताया

लखनऊः  उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज उत्तर प्रदेश विधान सभा में प्रस्तुत राज्य सरकार के बजट 2026 पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे समावेशी, दूरदर्शी एवं जनोन्मुखी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं के सशक्तिकरण, सुदृढ़ कानून व्यवस्था तथा चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के माध्यम से प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं प्रगतिशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राज्यपाल जी ने कहा कि युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार एवं डिजिटल सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया जाना अत्यंत सराहनीय है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से लाखों युवाओं को प्रशिक्षण एवं सेवायोजन उपलब्ध कराया जाना प्रदेश की उदीयमान शक्ति को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था तथा मुख्यमंत्री फेलोशिप कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नीति निर्माण में सहभागिता का अवसर देना, सुशासन की सशक्त पहल है।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरण को डिजिटल क्रांति की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही, युवाओं के खेल एवं शारीरिक विकास के लिए मंगल दलों को खेल सामग्री उपलब्ध कराए जाने को सकारात्मक पहल कहा।
राज्यपाल जी ने कानून व्यवस्था के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि अपराधों में उल्लेखनीय कमी तथा पुलिस अधोसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु बड़े पैमाने पर वित्तीय प्रावधान, जनसामान्य की सुरक्षा के प्रति सरकार की सजगता को दर्शाते हैं। नवसृजित जनपदों में पुलिस भवनों के निर्माण, अग्निशमन सेवाओं के विस्तार महत्वपूर्ण हैं।
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय बजटीय प्रावधानों की प्रशंसा करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों की संख्या एवं एमबीबीएस तथा पीजी सीटों में वृद्धि से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, कैंसर संस्थान के लिए प्रावधान तथा असाध्य रोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
राज्यपाल जी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और सुशासन को सुदृढ़ करते हुए उत्तर प्रदेश को प्रगति के नए आयामों तक ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *