मधुबन के विकास को लेकर एकजुट हुए नगरवासी, कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा को सौंपा मांगों का ज्ञापन

 

 

मधुबन। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 7 उसुरी छपरा स्थित रविदास कुटी पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत मधुबन के सर्वांगीण विकास को लेकर नागरिकों ने एकजुट होकर कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा को ज्ञापन सौंपा।इस अवसर पर पूर्व जिला मंत्री भाजपा एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष मधुबन बबलू ठठेरा के नेतृत्व में आलोक मल्ल, राधेश्याम सिंह, विनोद मद्धेशिया, राजकुमार राजभर, अखिलेश राज एवं नीलेश मल्ल सहित अन्य नगरवासियों ने मधुबन की मूलभूत समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। नगरवासियों ने बताया कि मधुबन को नगर पंचायत का दर्जा मिले एक दशक बीत चुका है, बावजूद इसके स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है।
ज्ञापन में नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवर्तित कर ऑक्सीजन प्लांट युक्त 100 बेड का अस्पताल बनाए जाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। इसके साथ ही क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक एवं राजकीय आईटीआई कॉलेज की स्थापना कर युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने की मांग की गई।
इसके अलावा मधुबन बाजार को फोरलेन अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने, नगर पंचायत क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया विकसित करने, सड़क के दोनों ओर पक्की पटरियां व इंटरलॉकिंग निर्माण कराने की मांग की गई। नगर पंचायत वार्ड संख्या 8 भैरोपुर मोड़ पर आवासीय मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को जानलेवा बताते हुए उसे हटाकर सड़क किनारे स्थानांतरित कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा, जीप, गाड़ी एवं निजी बसों के लिए स्थायी स्टैंड निर्माण तथा वार्ड संख्या 1 उफ़रौली एवं वार्ड संख्या 8 अंबेडकर तिराहा स्थित ऐतिहासिक दूधिया पोखरा को पक्का घाट एवं जलाशय के रूप में विकसित कराने की मांग रखी गई।कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा ने नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *