एडीएम की अध्यक्षता में नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

 

 

 

 

मऊ। अपर जिलाधिकारी और प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में जनपद के सभी नगर निकायों में कराए गए कार्यों की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में सभी नगर निकायों द्वारा कराए गए कार्यों का सत्यापन समस्त अधिशासी अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शासन की सभी योजनाओं को शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नगर निकायों द्वारा कर एवं करेंत्तर देयों की वसूली भी पूरी गंभीरता से शत-प्रतिशत कराई जाए। 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों को समय से पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में वंदन योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना, आकांक्षी योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कूड़ा निस्तारण एवं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर एडीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी दशा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अन्यथा संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए गौशालाओं में भूसा-चारा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 एवं पीएम स्वनिधि योजना की भी समीक्षा की गई। सभी नगर निकायों में पालीथिन जब्ती अभियान चलाने के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद के समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *