हमीरपुर/कुरारा। जिले के कुरारा विकास खंड क्षेत्र के निरनी धाम सिमरा मिश्रीपुर में महायज्ञ व श्रीमद्भागवत कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ।
क्षेत्र के निरनी धाम सिमरा मिश्रीपुर में आयोजित होने वाले महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष शामिल हुए।
कलश यात्रा निरनी धाम परिसर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई यज्ञ स्थल तक पहुँची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर जयकारों के साथ यात्रा निकाली। पूरे क्षेत्र में “हरि बोल” और “जय श्रीकृष्ण” के उद्घोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजन के बाद कलश स्थापना की गई। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कथा व्यास द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। साथ ही महायज्ञ के माध्यम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की जाएगी।
कलश यात्रा एवं कार्यक्रम में ग्रामवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए स्वयंसेवकों की टीम तैनात रही।
