” नेकी कभी व्यर्थ नही जाती “

बहुत समय पहले की बात है। एक सुंदर गाँव में रामलाल नाम का एक धनवान व्यक्ति रहता था। उसके दो छोटे बच्चे थे। रामलाल के पास एक सुंदर नाव थी, जिसे लेकर उसके बच्चे अक्सर समुद्र में घूमने जाया करते थे।

एक दिन रामलाल ने एक पेंटर को अपने घर बुलाया और अपनी नाव दिखाते हुए कहा, “भाई! इस नाव को अच्छे से लाल रंग से रंग देना।”

पेंटर ने नाव को ध्यान से देखा और अपना काम शुरू कर दिया। जब वह नाव पर रंग लगा रहा था, तो उसकी नजर नाव के निचले हिस्से में बने एक छोटे से छेद पर पड़ी। उसने सोचा कि यदि इस छेद को ऐसे ही छोड़ दिया गया, तो नाव में पानी भर सकता है। इसलिए उसने बिना कुछ कहे उस छेद को भी अच्छी तरह बंद कर दिया।

काम पूरा होने पर उसने रामलाल से अपने मेहनताने के पैसे लिए और घर चला गया।

अगले दिन रामलाल स्वयं पेंटर से मिले। उसके हाथ में एक बड़ा चेक था। उसने पेंटर को चेक देते हुए कहा, “भाई! यह तुम्हारे अच्छे काम का पुरस्कार है।”

पेंटर आश्चर्यचकित होकर बोला, “साहब! नाव रंगने के पैसे तो आपने कल ही दे दिए थे। फिर ये इतने सारे पैसे किस बात के?”

रामलाल ने भावुक होकर कहा, “भाई! कल जब तुम नाव रंगकर चले गए, तब मेरे दोनों बच्चे उसी नाव को लेकर समुद्र में घूमने निकल गए। उस समय मैं घर पर नहीं था। जब मुझे पता चला कि बच्चे नाव लेकर समुद्र में गए हैं, तो मैं घबरा गया। मुझे याद आया कि नाव में तो एक छेद था।”

“मैं डर के मारे समुद्र की ओर भागा, लेकिन वहाँ पहुँचकर देखा कि मेरे दोनों बच्चे सुरक्षित वापस आ रहे थे। जब मैंने नाव की जाँच की, तो पता चला कि तुमने उस छोटे से छेद को पहले ही ठीक कर दिया था।”

यह सुनकर पेंटर की आँखें नम हो गईं।

रामलाल ने आगे कहा, “तुम्हारे लिए वह केवल एक छोटा-सा छेद था, लेकिन मेरे लिए तुमने मेरे दोनों बच्चों का जीवन बचाया है। तुम्हारा यह उपकार मैं कभी नहीं भूल सकता।”

पेंटर ने विनम्रता से कहा, “साहब! मैंने तो केवल अपनी जिम्मेदारी समझकर एक छोटा-सा अच्छा काम किया था। मुझे नहीं पता था कि इससे किसी का इतना बड़ा भला हो जाएगा।”

रामलाल ने मुस्कुराते हुए उसका धन्यवाद किया !

इसलिए हमेशा दूसरों की सहायता करें, अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाएँ और बिना किसी स्वार्थ के अच्छे कार्य करते रहें।

 

छोटी-सी मदद भी बड़ा कमाल कर जाती है,

किसी की बुझती उम्मीद को फिर जगा जाती है।

नेकी कभी व्यर्थ नहीं जाती जीवन में,

कभी दुआ तो कभी आशीर्वाद बनकर लौट आती है।

 

* राम कुमार दीक्षित , पत्रकार      !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *