हमीरपुर/सरीला। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को किया जा चुका है। मतदाता सूची में नाम जांचने और 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने के उद्देश्य से रविवार को विशेष तिथि पर प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का वाचन कराया गया।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/तहसीलदार सरीला राममोहन ने धौहलबुजुर्ग, राजामऊ, पचखुरा, बंगरा, ममना और कदौरा के बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम कदौरा के बीएलओ तपन मिश्रा और पदाभिहीत नीतेश पटेल अनुपस्थित पाए गए। इस संबंध में कार्रवाई हेतु रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी सरीला को भेजी गई है, साथ ही ऑनलाइन रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी हमीरपुर को भी प्रेषित की गई।
बीएलओ द्वारा ग्रामवासियों की उपस्थिति में आलेख्य मतदाता सूची का वाचन कराया गया। तहसीलदार सरीला ने उपस्थित लोगों को बताया कि मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को हो चुका है, सभी मतदाता अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, वे फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र एवं आवश्यक प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर 6 फरवरी तक नाम जुड़वा सकते हैं। संशोधन के लिए फार्म-8 और विलोपन के लिए फार्म-7 भरे जा सकते हैं। यह सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बीएलओ के जरिए उपलब्ध है।
मतदाता जागरूकता के तहत ग्राम राजामऊ में सिद्ध आश्रम में चल रहे भंडारे में तथा ग्राम बंगरा में सड़क किनारे आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान भी कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और ग्रामीणों को नए मतदाता पंजीकरण की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सुपरवाइजर रामकृपाल, बीएलओ शोभित गुप्ता, जुगेश कुमार, प्रभात कुमार, सुशील, सौरभ और लेखपाल आयुष द्विवेदी मौजूद रहे।
