हमीरपुर/राठ। जिले में मनरेगा से हो रहे कामों में फर्जीवाड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। विकासखंड राठ की मझगवां , बसेला, नौरंगा, सैदपुर, गोहानी, कुर्रा, खड़ाखर, कुल्हेड़ा, लिधौरा व अन्य ग्राम पंचायतों में भी मनरेगा (विकसित भारत जी राम जी योजना) कार्यों में गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे है। जहां समान मजदूरों की टोली को एक ही दिन एक ही समय में अलग अलग काम करते दर्शाया गया है। मस्टर रोल में हाजिरी महिलाओं की दर्ज की गई परन्तु फोटोज में महिलाएं दूर दूर तक नजर नहीं आ रही है। एक ही फोटो को कई बार अपलोड करके व फर्जी हाजिरी दिखाकर मजदूरों के हक पर डाका डाला जा रहा है। निगरानी करने वाले बीडीओ, एपीओ सहित सभी जिम्मेदार उच्चाधिकारियों ने इसको लेकर आंखे मूंद रखी है।
15 जनवरी को मकर संक्रांति पर एक ओर जहां सरकारी छुट्टी थी लोग त्यौहार मनाने में व्यस्त थे वहीं राठ ब्लॉक की 17 ग्राम पंचायतों के 40 कामों की 177 मस्टर रोलों में 1566 कामगार मजदूर दिखा दिए गए। मझगवां ग्राम पंचायत में कटियान के बंबा से ट्यूबवेल तक जलरोक बांध निर्माण व 6 अन्य कार्यों में 231 मजदूरों को काम करते दिखाया गया है। इन कामों के लिए बने एक मस्टर रोल में 10 मजदूरों की टोली में 7 महिलाएं व 3 पुरुष की हाजिरी दिखाई गई परन्तु इसी में अपलोड किए गए फोटो में एक भी महिला दूर दूर तक नजर नहीं आ रही है। फोटो में सभी मजदूर खाली हाथ दिख रहे है , किसी के हाथ में फावड़ा, कुदाल, तशला या खुदाई का कोई सामान तक नहीं है। जिससे इन फोटोओं की वास्तविकता पर सवाल उठता है। धरातल पर कार्य नजर नहीं आता, लेकिन मजदूरों की मजदूरी फर्जी तरीके से निकालकर लाखों के वारे न्यारे हो रहे हैं। वहीं बसेला में 162, नौरंगा में 170, सैदपुर में 124, मुस्करा खुर्द में 115, लिधौरा में 106, कुर्रा में 100, खड़ाखर में 100, कुल्हेड़ा में 95 कामगार दिखाए गए। लगभग सभी ग्राम पंचायतों में हो रहे ज्यादातर कामों में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सब जिम्मेदार अधिकारियों और पंचायत स्तर के कार्मिकों की मिलीभगत से हो रहा है।
इस संबंध में जब डीसी मनरेगा हमीरपुर राघवेन्द्र सिंह से संपर्क किया तो बोले नरेगा गाइडलाइन के अनुसार सिर्फ 26 जनवरी और 15 अगस्त को काम प्रतिबंधित रहता है। बाकि दिन कामगार चाहे तो काम कर सकते है, त्यौहार में इतनी संख्या में मजदूर मुश्किल है इसकी जांच कराएंगे। वहीं जब पूछा की पड़ताल में धरातल पर मजदूर और काम नहीं दिखाए देते तो इस पर उन्होंने कहा कि ये सही है, हम जांच करा रहे है और आवश्यक कार्रवाई करके इन्हें ठीक करेंगे।
