मऊ। शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को पुलिस लाईन के सभागार में पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के अध्यक्षता में समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक,थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। एसपी द्वारा अपराध एवं कानून व्यवस्था के विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की गई। शांति और कानून व्यवस्था के विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर भी विशेष नजर बनाए रखें, आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाए। गंभीर घटना होने पर तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया जाय एवं उच्चाधिकारियों को ब्रीफ किया जाए।जनशिकायतों/आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का निस्तारण अतिशीघ्र गुणवत्तापूर्ण तरीके से मौके का भ्रमण कर किया जाए।
अपराधों को रोकने के लिए पैदल गस्त एवं पिकेट की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
बीट व्यवस्था प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
गोवध के मामलों में अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा/गैंगस्टर की कार्यवाही अवश्य हो।
अवैध म़द्य निष्कर्षण/बिक्री/परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाय तथा सम्भावित क्षेत्रों में निरंतर चेकिंग/दबिश की कार्यवाही एवं इस अपराध में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर की कार्यवाही हो। लूट की घटनाओं को रोकने के लिए पूर्व में संलिप्त रहे अपराधियों का अभियान चलाकर सत्यापन किया जाए, उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की जाए। जमीन सम्बन्धी विवादों में राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर मौके का भ्रमण कर समाधान कराया जाए।
सभी थाने पीस कमेटी मीटिंग का आयोजन कर आवश्यक दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराए। सम्पूर्ण समाधान तहसील/थाना दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण 05 दिवस में अवश्य हो। महिला सम्बन्धी अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए।आगामी त्यौहारों के अवसर पर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर गस्त/पिकेट की व्यवस्था रहे।
सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि बनायें रखें तथा अफवाहों का खंडन अतिशीघ्र करें।संगठित अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही हो। इस अवसर पर सराहनीय कार्य कार्य करने वाले अधिकारी/ कर्मचारीगण के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
