131वें जन्मोत्सव पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि सभा का भव्य आयोजन

 

हमीरपुर/राठ। परम पूज्य स्वामी ब्रह्मानंद जी महाराज के 131वें जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार दोपहर 12 बजे उनकी समाधि पर भव्य पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जितेंद्र सिंह सेंगर, प्रबंध समिति अध्यक्ष डॉ. इंद्रपाल सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र सिंह सहित नगर के अनेक गणमान्यजनों ने स्वामी जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के दंगल प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा संपन्न हुई। मुख्य अतिथि द्वारा स्वामी ब्रह्मानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र सिंह ने स्वामी जी के तप, त्याग और शिक्षा सेवा से भरे जीवन पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में डॉ. उमाकांत सिंह ने महाविद्यालय को विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने की माँग सरकार से की। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दादा ने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने की अपील की। पूर्व सचिव, भारत सरकार डॉ. बी.के. लोधी ने कहा कि किसी देश को कमजोर करना हो तो उसके युवाओं को नशे की लत लगा दो—आज वही समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही है। पूर्व मंत्री चौधरी राजेंद्र सिंह ने भी अपने विचार साझा किए। प्रबंध समिति अध्यक्ष डॉ. इंद्रपाल सिंह ने स्वामी जी के जीवन-वृत, उनके आदर्शों और शिक्षा क्षेत्र के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि महाविद्यालय परिवार इसे विश्वविद्यालय बनाने के लिए संकल्पित है। डॉ. कमलेश सक्सेना, सचिव प्रबंध समिति ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और स्वामी जी से जुड़ी स्मृतियाँ सांझा कीं। डॉ. एस.पी. सिंह ने स्वामी जी के साथ बिताए अपने अनुभव बताते हुए कहा कि हमें शिक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए तथा किसानों को यूरिया का कम उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम में विधायक मनीषा अनुरागी ने स्वामी जी के तपस्वी जीवन से प्रेरणा लेने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संदेश दिया एवं महाविद्यालय को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने स्वामी जी को अपना जीवन-आदर्श बताया। अंत में मुख्य अतिथि ने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद जी तप, त्याग और शिक्षा के प्रकाश स्तंभ हैं। उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति जगाकर समाज को नई दिशा दी। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष डॉ. अजयपाल सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, लक्ष्मण लाल त्रिपाठी, प्राध्यापक डॉ. एस.जी. राजपूत, डॉ. शैलेंद्र सिंह, ए.एन. शुक्ला, डॉ. आर.बी. शर्मा, तथा धर्मेंद्र सिंह, राजकुमार, राजेश चौरसिया सहित कई सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सरजू नारायण ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *