सुमेरपुर के डायट भवन में सम्पन्न हुई जिला स्तरीय “कहानी सुनाओ प्रतियोगिता” में जनपद हमीरपुर से दो शिक्षकों का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है। दोनों शिक्षक अब एस.सी.ई.आर.टी. भवन, लखनऊ में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह के अनुसार, 6 नवम्बर 2025 को आयोजित इस प्रतियोगिता में सभी ब्लॉकों के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राथमिक स्तर से मिथुन भारती, सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय बौखर, सरीला तथा उच्च प्राथमिक स्तर से अनुराधा चौहान, सहायक अध्यापक, उच्च प्राथमिक विद्यालय जलालपुर, सरीला का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक प्रेमनारायण, वरिष्ठ प्रवक्ता रमेश यादव एवं निर्णायक मंडल के निर्देशन में किया गया। इन शिक्षकों की उपलब्धि पर जनपद के शिक्षकों में हर्ष की लहर है।
