हमीरपुर। कस्बा सरीला के गुरुदेवपुरा मुहाल स्थित बनास डेयरी सरीला दुग्ध उत्पादक एसोसिएशन द्वारा अपने पहले वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादक किसानों को प्रोत्साहित करते हुए उपहार व बोनस राशि वितरित की गई। यह डेयरी बनास कांठा जिला सहकारी मिल्क यूनियन लिमिटेड पालनपुर, गुजरात से संबद्ध है, जो इंडिया प्राइड – एशिया बेस्ट की थीम के साथ कार्य कर रही है।
समारोह में किसानों को स्टील टिफिन, बाल्टी और डिब्बे उपहार स्वरूप दिए गए, साथ ही प्रॉफिट अंश में कमाए गए धन से 5% बोनस घोषित किया गया, जो सीधे किसानों के खातों में भेजा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच स्वच्छ दूध उत्पादन, अमूल किसान ऐप के उपयोग, ऑनलाइन भुगतान की पारदर्शी प्रणाली, बनास पशु आहार के लाभ और अमूल सहकारी मॉडल पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2024–25 की बैलेंस शीट भी प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर 192 किसान उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से बैजनाथ यादव, राकेश, इंदल, दीपिका कुमारी, रितु देवी, भूपेंद्र, ईश्वरदास शामिल रहे। सरीला सोसाइटी के अध्यक्ष कमल सिंह और सचिव हेमंत कुमार ने सभी किसानों को सम्मानित किया और पशुपालन व दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर बल दिया।
