अब तक 80 हजार मंगल दलों को यह किट वितरित,
आज लगभग 16 हजार मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित की गयी
मुख्यमंत्री ने सांसद-विधायक खेल स्पर्धा एवं युवा संवर्धन केन्द्रों का शुभारम्भ किया
राष्ट्रीय युवा उत्सव-2025 और यूथ पार्लियामेंट-2025 के विजेता प्रतिभागियों का सम्मान तथा सर्वोत्कृष्ट क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र का वितरण किया
सभी युवक व महिला मंगल दल प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत अभियान से
जुड़कर प्रदेश व देश के विकास में युवाओं की भूमिका को आगे बढ़ाएं : मुख्यमंत्री
लोगों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव विकसित करने की दृष्टि से प्रधानमंत्री जी ने
खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट तथा सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं की
शुरुआत की, अब विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं इनके साथ जुड़ गई
खेल व्यक्ति को स्वस्थ रखने का एक माध्यम,
यह हमारे स्वावलम्बन का आधार बन रहा
प्रदेश में 01 लाख 05 हजार से अधिक युवक एवं महिला मंगल दल सक्रिय,
इनका दायित्व है कि अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों से खेलकूद की प्रतिस्पर्धाओं का शुभारम्भ करें
खेलकूद के साथ-साथ हमारे गांवों में लोक कथाओं,
लोक गायन तथा लोक परम्पराओं के आयोजन होने चाहिए
महिला मंगल दल अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में मिशन शक्ति के 5वें
चरण के कार्यक्रमों से जुड़ें और उसे सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं
500 से अधिक खिलाड़ियों को पुलिस व अन्य विभागों में नौकरी दी गयी
ैंतकंत/150 समारोह में व्यापक पहुँच बनाने के लिए, ‘माई भारत’
पोर्टल पर प्रदेश के लगभग 1,50,000 युवाओं ने पंजीकरण कराया
’युवा साथी’ पोर्टल पर 12,64,614 युवाओं द्वारा पंजीकरण कराया जा चुका
युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए इण्टीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के रूप में
विकास खण्ड स्तर पर युवा केन्द्र के निर्माण का अभियान आगे बढ़ाया जा रहा
लखनऊ : 13 अक्टूबर, 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज प्रदेश के 16 हजार से अधिक युवक एवं महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करायी जा रही है। यह उन्हें दीपावली के पूर्व एक उपहार है। आज ही सांसद एवं विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारम्भ किया गया है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन का परिणाम है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रोत्साहन खेल सामग्री का वितरण करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय युवा उत्सव-2025 और यूथ पार्लियामेंट-2025 के विजेता प्रतिभागियों का सम्मान किया। उन्होंने सांसद-विधायक खेल स्पर्धा एवं विकासखण्ड स्तर पर संचालित युवा संवर्धन केन्द्रों का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री जी ने सर्वोत्कृष्ट क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र का वितरण भी किया। कार्यक्रम में युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल के कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल व्यक्ति को स्वस्थ रखने का एक माध्यम है। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से ही व्यक्ति व समाज विकास कर सकता है। लोगों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव विकसित करने की दृष्टि से प्रधानमंत्री जी ने खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट तथा सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। अब विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं इनके साथ जुड़ गई हैं। इसके अन्तर्गत अनेक कार्यक्रम हो रहे हैं। अनेक नौजवानों को उनके जनपद में खेलने का एक मंच मिला है और लोगों में एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जाग्रत हुई है। यह प्रतिस्पर्धा ही विकास को प्रोत्साहित करती है। खेलकूद प्रतियोगिताएं और स्पोर्ट्स किट इसमें सहयोगी बनते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 01 लाख 05 हजार से अधिक युवक एवं महिला मंगल दल सक्रिय हैं। इनका दायित्व है कि अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों से खेलकूद की प्रतिस्पर्धाओं का शुभारम्भ करें। ग्राम पंचायतों में होने वाली यह प्रतिस्पर्धाएं नगर पंचायत व ब्लॉक स्तर पर आगे बढ़ेंगी। फिर विधान सभा स्तर पर यही प्रतियोगिताएं विधायक खेलकूद प्रतियोगिता और संसदीय क्षेत्र स्तर पर यह सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं में बदल जाएंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि खेल में टीम भावना का होना भी अत्यन्त आवश्यक है। टीम भावना से कैसे सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं, गांव में होने वाली रामलीलाएं इसका अच्छा उदाहरण हैं। इन रामलीलाओं में ग्राम स्तर पर ही लोग मिलकर आपस में चन्दा एकत्र करते हैं और उन्हीं के बीच में से कोई हनुमान, राम, सीता, रावण आदि पात्र बनते हैं। जब गांव के सभी लोग मिलकर प्रयास करते हैं, तो एक अच्छी रामलीला का मंचन होता है। इसी प्रकार खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के पीछे स्वस्थ रहने के साथ-साथ अपने-अपने गांव के विकास में योगदान देने का भाव भी निहित है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि युवक एवं महिला मंगल दलों का काम सरकार से केवल स्पोर्ट्स किट प्राप्त करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। खेलकूद के साथ-साथ हमारे गांवों में लोक कथाओं, लोक गायन तथा लोक परम्पराओं का आयोजन भी होना चाहिए। इनमें हमारा इतिहास, परम्पराएं और पूर्वजों की गाथाएं छुपी होती हैं। इस प्रकार के आयोजन अपने पूर्वजों की गाथाओं को पुनर्जीवित करने और उसे मंच देने का माध्यम हो सकते हैं। गांवों में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन प्रारम्भ होने चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सोनभद्र के भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि खेलकूद की स्पर्धा के साथ ही बुजुर्गों के बीच रस्सा-कसी का आयोजन भी किया गया था। इसमें लोगों ने उत्साह से भाग लिया था। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग प्रतियोगिताएं, गायन तथा नाटक मंचन आदि भी हो रहे थे। यह सभी कला की अलग-अलग विधाएं हैं। यह प्रसन्नता की बात है कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री जी का विजन खेल के साथ-साथ अन्य अलग-अलग विधाओं के माध्यम से भी आगे बढ़ रहा है। युवक एवं महिला मंगल दलों को भी इस अभियान का हिस्सा बनते हुए यह जिम्मेदारी अपने ऊपर लेनी चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा, स्वावलम्बन व सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति का 5वां चरण संचालित कर रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा उनके कल्याण के लिए संचालित केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी उन्हें देना है। महिला मंगल दलों का यह दायित्व है कि अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में इस कार्यक्रम से जुड़ें और उसे सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान में विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित उत्तर प्रदेश का अभियान सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। विधान सभा में इस सम्बन्ध में लगातार 28 घण्टे तक चर्चा हुई है। हमने 300 प्रबुद्धजनों को 01 हजार से अधिक अकादमिक संस्थाओं में चर्चाओं के लिए भेजा है। नगर निगमों के पार्षदों व महापौर, जिला पंचायत अध्यक्षों व सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा लगभग 57,600 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों व उसके सदस्यों के साथ हमने सीधा संवाद किया है। अब तक विकसित उत्तर प्रदेश के सम्बन्ध में 40 लाख सुझाव समाज के अलग-अलग तबकों से प्राप्त हो चुके हैं। हमने सभी ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों, जिला पंचायतों तथा नगर निकायों को पत्र के माध्यम से विकसित उत्तर प्रदेश के लिए उनकी भूमिका के बारे में अवगत कराया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश की शुरुआत हमारी ग्राम पंचायतों से होती हैं। जब ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर व विकसित होंगी, तो क्षेत्र पंचायतें भी आत्मनिर्भर व विकसित होंगी। जब क्षेत्र पंचायतें आत्मनिर्भर और विकसित होंगी, तो जनपद भी आत्मनिर्भर और विकसित होंगे। जब जनपद इस दिशा में आगे बढ़ जाएंगे, तो प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित होने से कोई रोक नहीं सकता। जब प्रदेश आत्मनिर्भर और विकसित होगा, तो देश भी अवश्य ही आत्मनिर्भर और विकसित होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हमें विजन 2047 अर्थात शताब्दी संकल्प से जोड़ा है। जब यह देश अपनी आजादी के 100 साल पूरा करेगा, तब हमें कैसा भारत चाहिए। उस भारत में हमारे युवाओं तथा युवक व महिला मंगल दलों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण होगी। इस दिशा में सभी 01 लाख 05 हजार युवक एवं महिला मंगल दल अभी से कार्य करें। हमने बड़े पैमाने पर इन्हें स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करायी हैं। आज भी 16 हजार से अधिक स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करायी गयी हैं। सभी युवक व महिला मंगल दल प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत अभियान से जुड़ें और प्रदेश व देश के विकास के लिए युवाओं की भूमिका को आगे बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राष्ट्रीय युवा उत्सव-2025 में कहानी लेखन प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश को प्रथम व तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। प्रथम पुरस्कार लखनऊ की सुश्री आर्या शर्मा, तृतीय पुरस्कार कानपुर नगर के श्री अमित कुमार को प्राप्त हुआ है। कविता लेखन के लिए बरेली की सुश्री सुनैना सक्सेना को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यूथ पार्लियामेंट-2025 में राज्य स्तर पर बरेली के श्री धीरेन्द्र सिंह को प्रथम, कानपुर नगर की सुश्री अनुष्का शुक्ला को द्वितीय तथा कानपुर नगर की ही सुश्री वैष्णवी गुप्ता को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह दर्शाता है कि हमारे युवा प्रतिभाशाली हैं। उन्हें जब भी मंच मिला है और प्रतिस्पर्धा का उचित अवसर प्राप्त हुआ है, तो उन्होंने देश में अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी है। एन0डी0आर0एफ0 एकेडमी, नागपुर में आपदा प्रबन्धन/सिविल डिफेंस प्रशिक्षण के दौरान सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बांदा, चन्दौली, जालौन, कन्नौज तथा बस्ती के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों को भी आज यहां सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश भर में पर्व और त्योहारों का समय चल रहा है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम कुछ समय खेलकूद के लिए अवश्य निकालें। यह प्रतियोगिताएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से लोगों में नये उत्साह का संचार करेगी। हमें सांस्कृतिक दलों को भी सक्रिय करना होगा। खेलकूद अब केवल औपचारिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह जीवन की आवश्यकता हो चुका है। यह हमारे स्वावलम्बन का आधार भी बन रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 03 वर्षों में राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को पुलिस व अन्य विभागों में नौकरी दी गयी है। उन्हें डिप्टी एस0पी0, नायब तहसीलदार तथा खेल विभाग के अधिकारियों के रूप में व अन्य विभागों में अवसर दिए गए हैं। यह सभी अपने-अपने विभागों में खेलकूद की गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं। इसका परिणाम है कि इण्टरनेशनल पुलिस गेम्स में उत्तर प्रदेश पुलिस ने सर्वाधिक पदक जीते हैं। हम अपने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्लेटफॉर्म देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब तक 80 हजार मंगल दलों को यह किट वितरित की जा चुकी है। आज लगभग 16 हजार मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित की गयी है। इसके अन्तर्गत वॉलीबॉल, फुटबॉल व अन्य खेल सामग्री उपलब्ध करायी जा रही है। खेलों के प्रोत्साहन के लिए प्रदेश में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। हर ग्राम पंचायत में खेल के मैदान, हर विकास खण्ड पर मिनी स्टेडियम तथा जनपद स्तर पर स्टेडियम के निर्माण के लिए सरकार धनराशि उपलब्ध करा रही है। विभिन्न स्थानों पर ओपेन जिम भी बनाए जा रहे हैं। आज सांसद-विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ किया गया है। इसमें पुरुष और महिला वर्ग में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो और बैडमिण्टन की 08 खेल विधाएं शामिल की गयी हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह वर्ष लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी का 150वां जयन्ती वर्ष है। इस अवसर पर ैंतकंत/150 समारोह में व्यापक पहुँच बनाने के लिए, ‘माई भारत’ पोर्टल पर विशिष्ट गतिविधि जैसे-रील प्रतियोगिता, यूनिटी मार्च, पॉडकास्ट और अन्य कार्यक्रमों हेतु प्रदेश के लगभग 1,50,000 युवाओं द्वारा पोर्टल पर अब तक अपना पंजीकरण कराया जा चुका है। इसके साथ ही, युवा कल्याण विभाग द्वारा ’युवा साथी’ पोर्टल नामक इण्टीग्रेटेड प्लेटफॉर्म का विकास किया गया है। ए0आई0 इनेबल्ड युवा साथी पोर्टल पर अब तक 12,64,614 युवाओं द्वारा पंजीकरण कराया जा चुका है। इन्हें भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए जो कार्यक्रम आगे बढ़ाए जा रहे हैं, उसमें इण्टीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के रूप में विकास खण्ड स्तर पर युवा केन्द्र के निर्माण के अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस कार्य का भी आज शुभारम्भ किया गया है। इसके अन्तर्गत पहले चरण में 50 विकास खण्ड में 02 करोड़ रुपये की लागत से युवा केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। यह सभी कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में युवाओं को एक नया प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएंगे। उत्तर प्रदेश, देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। खेल सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सबसे प्रतिभाशाली युवा प्रदेश में हैं, वह अपनी प्रतिभा का लाभ प्रदेश सहित देश को देंगे।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान गढ़े जा रहे हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को खेल व अन्य सामाजिक कार्यों से जोड़ने का सतत् प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास किया गया है। प्रत्येक विकास खण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम के निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए गए हैं। हर ग्राम पंचायत में खेल के मैदान के निर्माण की कार्यवाही की जा रही है।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद श्री संजय सेठ, विधान परिषद सदस्य डॉ0 लालजी प्रसाद निर्मल, इंजी0 अवनीश कुमार तथा श्री गोविन्द नारायण, विधायक श्रीमती जयदेवी, श्री अमरेश कुमार, श्री योगेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, खेल सचिव श्री सुहास एल0वाई0, खेल निदेशक श्री आर0पी0 सिंह सहित खिलाड़ी उपस्थित थे।
——-