राज्यपाल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में थाना हजरतगंज, लखनऊ में ‘मिशन शक्ति फेज़-5.0‘ अभियान के अन्तर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया

राज्यपाल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में थाना हजरतगंज, लखनऊ में ‘मिशन शक्ति फेज़-5.0‘ अभियान के अन्तर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया
——-
थाना हजरतगंज, लखनऊ में छात्राओं को प्रभारी निरीक्षक व ए0सी0पी0 के पद पर एक दिन के लिए नियुक्त किया गया
——-
जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक का भी किया गया आयोजन
——-
लखनऊ : 27 सितम्बर, 2025
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आज दिनांक 27.09.2025 को थाना हजरतगंज जनपद लखनऊ में ‘मिशन शक्ति फेज़-5.0‘ अभियान के अन्तर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराने एवं उनके मन से पुलिस का भय हटाने, साथ ही उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजभवन स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय की कक्षा-8 की छात्रा कुमारी नव्या गुप्ता को एक दिन के लिए थाना हजरतगंज का प्रभारी निरीक्षक तथा कुमारी परिधि चौहान को सहायक पुलिस आयुक्त (ए0सी0पी0) हजरतगंज नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज, प्रभारी निरीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा छात्राओं के साथ मिशन शक्ति रैली निकाली गई। इस दौरान बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (1090, डायल 112, साइबर क्राइम 1930), गुड टच-बैड टच, यूपी कॉप एप एवं महिला हेल्प डेस्क आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सजग नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को थाना हजरतगंज स्थित महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण कराया गया। प्राथमिक विद्यालय की एक छात्रा को मिशन शक्ति केंद्र का प्रभारी बनाया गया तथा मिशन शक्ति के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। छात्राओं को पुलिस अभिलेखों, कार्यवाहियों एवं थाना प्रांगण में कार्यरत विभिन्न इकाइयों के कार्यों के बारे में भी जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, मिशन शक्ति केंद्र, हजरतगंज में नियुक्त कर्मचारियों से मिलवाते हुए बालिकाओं को कार्यक्रमों से परिचित कराया गया तथा थाना क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर पम्पलेट वितरण के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जी0पी0ओ0 के निकट नेशनल पी0जी0 कॉलेज के छात्रों द्वारा आयोजित नुक्कड़ नाटक में छात्राओं ने प्रतिभाग किया। नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा, एवं पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *