उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की विकास व निर्माण कार्याे तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक
शिकायतों के निस्तारण, पारदर्शिता व जनसेवा पर सख्त निर्देश
अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और जनता को न्याय दिलाने के दिये निर्देश
लखनऊ: 12 सितंबर, 2025
उत्तर प्रदेश के मा. उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार कलेक्ट्रेट सभागार बस्ती में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उपमुख्यमंत्री ने विकास कार्यों सोशल सेक्टर की योजनाओं के क्रियान्वयन निर्माण परियोजनाओं व कानून व्यवस्था की गहन विस्तृत समीक्षा की।बैठक की अध्यक्षता करते हुए मा. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की बैठकों में दिये गये निर्देशों का अनुपालन आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाये। विभागवार प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्यवाही का विवरण भी आख्या में दर्ज हो। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का आदर एवं सम्मान किया जाये तथा उनके द्वारा बताई गई समस्याओं का शत-प्रतिशत निस्तारण किया जाये।
उन्होंने निर्देशित किया कि विभिन्न स्तर पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण हो। राजस्व विभाग की शिकायतों में चकमार्ग पर अवैध कब्जों को हटाने हेतु एक माह का विशेष अभियान चलाया जाये। भूमि पैमाइश एवं सीमांकन की कार्यवाही राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कराई जाये। बिजली विभाग को निर्देशित किया गया कि रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये, ट्रांसफार्मर समय पर बदले जायें और कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो।
उप मुख्यमंत्री ने जिला गन्ना अधिकारी को वाल्टरगंज चीनी मिल के किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने का निर्देश दिया। हर घर नल से जल योजना के अंतर्गत कंपनियों द्वारा तोड़ी गई सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराई जाये। उन्होंने पेंशन योजनाओं, आवास योजना, किसान सम्मान निधि, खाद्यान्न वितरण, छात्रवृत्ति एवं डूडा विभाग की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर बिचौलियों द्वारा अवैध वसूली न हो।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को गौआश्रय स्थलों पर चारा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने, मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये। पीडब्ल्यूडी को गड्ढा मुक्त सड़क अभियान तेज करने के निर्देश दिये गये।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हैं। भारत की अर्थव्यवस्था वर्तमान में चौथे स्थान पर है, जिसे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में तीसरे स्थान पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसेवा में तत्पर रहें।
पुलिस विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने चोरी की घटनाओं पर तत्काल खुलासा करने और थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश देने को कहा। बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मा. उप मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। अंत में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मा. उप मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जायेगा। बैठक का संचालन भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राज मंगल चौधरी ने किया।
बैठक के उपरान्त मा. उप मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन, बस्ती में निर्माणाधीन पुलिस आवासों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की तथा कार्यों में तेजी लाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।