” सूर्य – पुत्र “

गर्भ में जब करण ने जन्म लिया, तभी से मानो एक अनदेखा सूरज धधकने लगा था। कुंती, जो धर्म और मर्यादा की सीमा में बंधी थी, एक दिव्य मंत्र के प्रभाव से सूर्यदेव का आह्वान कर बैठी और उसी के परिणामस्वरूप एक तेजस्वी बालक ने जन्म लिया। लेकिन समाज की मर्यादा और लोकलाज के डर ने उस माँ को इतना विवश कर दिया कि उसने अपने ही जिगर के टुकड़े को एक छोटी सी टोकरी में रखकर बहती नदी की धाराओं के हवाले कर दिया। वह मासूम बालक, जिसके शरीर में सूर्य का तेज और आत्मा में अद्भुत साहस था, बिना नाम, बिना कुल और बिना पहचान के एक अजनबी दुनिया में प्रवेश कर गया। समय बीता और उस बालक को एक सारथी और उसकी पत्नी ने अपनाकर पाला, उसे स्नेह दिया और उसे अपने पुत्र की तरह बड़ा किया।
बालक बड़ा हुआ तो उसके भीतर अद्भुत प्रतिभा और पराक्रम झलकने लगा, वह धनुर्विद्या में निपुण होना चाहता था, लेकिन हर बार उसे “सूतपुत्र” कहकर अपमानित किया गया। राजकुमारों की सभा में उसकी योग्यता से अधिक उसकी जन्म-पहचान को तौला गया, उसके कौशल को नकार दिया गया और उसके आत्मसम्मान को बार-बार ठेस पहुंचाई गई। फिर भी उसने हार नहीं मानी, उसने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और अपने परिश्रम से स्वयं को इतना सक्षम बना लिया कि उसका नाम वीरता का पर्याय बन गया। उसके जीवन में मित्रता का भी एक बड़ा मोड़ आया, जब एक राजकुमार ने उसके आत्मसम्मान को पहचाना और उसे वह स्थान दिया जिसका वह हकदार था। उस दिन से उसने न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया बल्कि यह भी सिद्ध कर दिया कि जन्म नहीं, बल्कि कर्म ही मनुष्य की असली पहचान बनाते हैं।

जीवन भर उसने अपमान, अस्वीकार और संघर्ष को सहते हुए भी अपने कर्तव्यों का पालन किया और अंत समय तक अपने वचन और मित्रता के प्रति अडिग रहा। उसका जीवन एक ऐसी ज्योति बन गया जो हर उस व्यक्ति के लिए प्रेरणा है जिसे समाज ने कभी कमतर समझा हो या जिसके रास्ते में पहचान और परिस्थितियों की बाधाएं आई हों। इस कहानी से हमें यह शिक्षा मिलती है कि जीवन में परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, यदि व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर परिश्रम की भावना हो, तो वह हर अपमान और हर बाधा को अपनी शक्ति में बदल सकता है। किसी का जन्म या उसकी परिस्थितियाँ उसकी क्षमता को सीमित नहीं कर सकतीं, बल्कि उसका साहस, उसका संघर्ष और उसके कर्म ही उसे महान बनाते हैं।

इसलिए हमें कभी भी अपनी परिस्थितियों को अपनी कमजोरी नहीं बनने देना चाहिए, बल्कि उन्हें अपनी ताकत बनाकर आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि जो व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से नहीं भटकता, वही अंततः सच्चे अर्थों में “सूर्यपुत्र” की तरह चमकता है और दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाता है।

* राम कुमार दीक्षित, पत्रकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *