पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में वार्षिक खेलकूद उत्सव धूमधाम से संपन्न

 

हमीरपुर/सरीला। कस्बा स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में गुरुवार को वार्षिक खेलकूद उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कृषि निदेशक हरनाथ सिंह राजपूत रहे। उन्होंने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने वाले छात्र ही भविष्य में सफलता प्राप्त करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन आकाश यादव एवं शालिनी यादव ने किया।
प्रधानाचार्य अभय गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है। खेलकूद बच्चों को टीम भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन की सीख देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उत्सव के दौरान कबड्डी, रस्साकशी, खो-खो, बैडमिंटन, कुर्सी दौड़, निबंध प्रतियोगिता एवं कला प्रतियोगिता सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के प्रमाणपत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष पवन अनुरागी, शिक्षक राजू गुप्ता, शिक्षक राधेलाल, अमित यादव, पत्रकार कृष्ण कुमार द्विवेदी, धर्मेंद्र यादव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन तहसीलदार राममोहन कुशवाहा एवं पत्रकार बंधुओं द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *