हर्षित की तूफानी पारी से कानपुर फाइनल में, चित्रकूट 30 रन से पराजित

 

हमीरपुर/सरीला। स्वर्गीय महाराजा नरेन्द्र सिंह जू देव की स्मृति में मकबरा स्टेडियम में चल रहे 35वें अंतर्राज्यीय सोनालिका चैलेंज क्रिकेट कप के तहत गुरुवार को पूल बी का दूसरा सेमीफाइनल कानपुर और चित्रकूट के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कानपुर ने चित्रकूट को 30 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओपनिंग बल्लेबाज सुमित राठौर ने 23 गेंदों में 29 रन (2 छक्के, 3 चौके) बनाए। टीम कप्तान राहुल ने 21 गेंदों पर 30 रन का योगदान दिया। हर्षित यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 62 रन (8 चौके, 1 छक्का) जड़े। सत्येंद्र यादव ने 18 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चित्रकूट की टीम 20 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। चित्रकूट की ओर से पीयूष ने 40 गेंदों में 56 रन और भास्कर ने 35 गेंदों में 56 रन की संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कानपुर की ओर से गेंदबाज विशाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अमित, अभिषेक, सत्येंद्र और हर्षित ने एक-एक विकेट लिया। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हर्षित यादव को सत्या राजपूत द्वारा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। अब शुक्रवार 13 फरवरी को कानपुर और आगरा के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
मुकाबले के दौरान कमेंट्री रामकुमार त्रिपाठी, अंशुल यादव और कुलदीप गुप्ता ने की। स्कोरर की भूमिका में प्यार मोहम्मद रहे, जबकि अंपायर के रूप में जीतू यादव और विजय यादव ने जिम्मेदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *