सरीला (हमीरपुर)। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 फरवरी दिन रविवार को निकलने वाली शिव बारात को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने नगर सरीला का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले नेशले मार्केट स्थित कथा स्थल का निरीक्षण किया, जहां से शिव बारात प्रारंभ होगी। इसके बाद वे श्री शल्लेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना कर मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा संबंधी इंतजामों की विस्तार से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने मंदिर में दर्शन व जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाने, मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों और महिला सिपाहियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत में डीएम घनश्याम मीना ने बताया कि शिवरात्रि के पावन पर्व पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। जुलूस मार्ग से छुट्टा अन्ना पशुओं व अन्य अवरोधों को हटाने, खुले विद्युत तारों को व्यवस्थित करने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता, तहसीलदार राम मोहन, नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार, एसडीओ विद्युत हरिशचंद, नगर पंचायत अध्यक्ष पवन अनुरागी, मंदिर समिति के पदाधिकारी, लेखपाल जयराम, लिपिक राघवेन्द्र, चौकी इंचार्ज व जरिया थाना पुलिस स्टाफ, मन्दिर समिति के दिनेश अग्रवाल, राजू लखेरा, रतन गुप्ता, ब्रजमोहन, सुरेन्द (पिंटू), सभासद रामहेत सुरेश गुप्ता, चरन सिंह, सहित नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शिव बारात शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
