पीएम श्री जीआईसी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

कुरारा, हमीरपुर। कुरारा कस्बा में स्थित पी.एम. श्री राजकीय इंटर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख, कुरारा तथा विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी, कुरारा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान खो-खो, कुर्सी दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के प्रतिभागियों को पदक, प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क का महत्व बताते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, खेल प्रभारी शिक्षकों एवं आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समारोह में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *