सोनालिका चैलेंज कप: आगरा ने नोएडा को 36 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह

 

हमीरपुर/सरीला। स्वर्गीय महाराजा महिपाल सिंह क्रीड़ा स्थल (मकबरा स्टेडियम) में चल रहे 35वें अंतराज्यीय सोनालिका चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत पूल-ए का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आगरा और नोएडा के बीच खेला गया। यह टूर्नामेंट प्रतिवर्ष महाराजा नरेन्द्र सिंह जू देव की स्मृति में आयोजित किया जाता है।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आगरा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। आगरा की ओर से गौतम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली। वहीं वैभव ने 30 गेंदों में 29 रन और हर्षित ने 13 गेंदों पर 25 रन का योगदान दिया।
नोएडा की गेंदबाजी में कासिम अली, वरुण और शंकर ने दो-दो विकेट हासिल किए। 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा की टीम 19.3 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। नोएडा की ओर से इंद्रजीत ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, जबकि कासिम अली और राजा ने 20-20 रन जोड़े। आगरा ने यह मुकाबला 36 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। मैच की कमेंट्री अंकुश सैनी, कुलदीप गुप्ता और रामकुमार त्रिपाठी ने की। स्कोरर की जिम्मेदारी प्यार मोहम्मद ने निभाई। अंपायर की भूमिका में जीतू यादव और सिद्ध गोपाल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *