हमीरपुर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), लखनऊ द्वारा आयोजित अष्टम् राज्य स्तरीय कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में जनपद हमीरपुर से एक शिक्षक एवं एक शिक्षिका का चयन किया गया है। चयनित शिक्षक-शिक्षिका प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर अपनी कहानी कहने की प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता 10, 11 एवं 12 फरवरी 2026 को प्राथमिक विद्यालय खुर्रम नगर, पिकनिक स्पॉट रोड, जिला लखनऊ में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में जनपद हमीरपुर का प्रतिनिधित्व प्राथमिक स्तर से शिक्षक मिथुन भारती, सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय खेड़ाशिलाजीत (विकासखंड सरीला) तथा उच्च प्राथमिक स्तर से शिक्षिका अफरोज जहाँ सहायक अध्यापिका, उच्च प्राथमिक विद्यालय टेढ़ा (विकासखंड सुमेरपुर) करेंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि 30 दिसंबर 2024 को डायट सुमेरपुर में आयोजित अष्टम् जिला स्तरीय कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन दोनों शिक्षकों का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया था। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तिथियां 10, 11 एवं 12 फरवरी निर्धारित की गई हैं।
बीएसए ने यह भी बताया कि चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं की समय से सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि जिले के प्रतिभागी अपनी कला का बेहतर प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन कर सकें।
