हमीरपुर। आगामी पर्व शिवरात्रि, रमजान एवं हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शिवरात्रि एवं रमजान से संबंधित जुलूस, शोभा यात्राएं व अन्य कार्यक्रम परंपरागत ढंग तथा शांतिपूर्ण तरीके से प्रेम व भाईचारे के साथ आयोजित किए जाएं। शिवालयों व शोभायात्राओं के रूट के आसपास तथा अन्य संबंधित स्थलों पर जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त किया जाए ताकि शॉर्ट सर्किट से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को रोका जा सके। उन्होने कहा कि शिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में जलाभिषेक, कांवड़ यात्राएं व अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भीड-भाड होगी। इसलिए क्राउड मेनेजमेन्ट के पर्याप्त इंतेजाम सुनिश्चित कराए जाएं। उन्होने समस्त उपजिलाधिकारियों व क्षेत्राधिकारियों निर्देश दिए कि आगामी पर्वो से संबंधित कार्यक्रम स्थलों, शोभायात्राओं व शिववालयों का निरीक्षण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। सभी स्थलों पर अच्छे मजिस्ट्रेट व पुलिस कर्मी तैनात कर दिए जाए तथा यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। शोभायात्राओं के दौरान डीजे पर किसी भी प्रकार से धार्मिक उन्माद फैलाने वाले अथवा फूहड़ गाने न बजाए जाएं। पर्व के दौरान किसी भी दशा में विद्युत कटौती न हो, यह सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम व सीओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी गण संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दें। आयोजकों द्वारा कोई भी कार्यक्रम आयोजित करने से पूर्व जिला प्रशासन से अनुमति अवश्य प्राप्त कर ली जाए। पुलिस विभाग अराजक व असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने पर तुरन्त कार्यवाही करें।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं होनी है। जनपद में बोर्ड परीक्षाओं के सकुशल सम्पादन हेतु 43 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर बोर्ड परीक्षाएं सकुशल व नकलविहीन सम्पादित कराने हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कर दी जाए। परीक्षा केन्द्रों के आसपास पीआरबी 112 का रूट निर्धारण अनिवार्य रूप से किया जाए। परीक्षा केन्द्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध रहे। उन्होने बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित तैनात किए गए सेक्टर एवं स्ट्रैटिक मजिस्ट्रेटों तथा केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह ना फैलायी जाए। सभी प्रकार के धार्मिक आयोजन, जुलूस एवं शोभायात्राओं के आयोजन हेतु संबंधित थाने तथा एसडीएम से अनुमति अनिवार्य रूप से ली जाए। बिना परमीशन के कोई भी जुलूस/शोभायात्रा नही निकलनी चाहिए। एसडीएम व सीओ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं स्वयं अपनी देख रेख में कराएं। शिवालयों/मंदिर परिसरों में महिला सुरक्षा के विशेष इंतेजाम किए जाएं।
बैठक में सीडीओ अरूण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम नमामि गंगे सुरेश कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी, सभी एस एच ओ तथा पीस कमेटी के सदस्य आदि मौजूद रहे।
