बलरामपुर जनपद में बालिकाओं हेतु एच0पी0वी0 टीकाकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

लखनऊ :     प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आज जनपद बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में एच0पी0वी0 टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर एच0पी0वी0 टीकाकरण कैंप में 100 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
राज्यपाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों को स्वस्थ रखने के लिए सरकार द्वारा विशेष अभियान चलाकर एच0पी0वी0 वायरस के विरुद्ध टीकाकरण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु की बच्चियों को एच0पी0वी0 टीके की दो डोज लगाए जाने से वे लगभग 95 प्रतिशत तक सुरक्षित रह सकती हैं।
राज्यपाल जी ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में इंडस्ट्री एवं निजी कंपनियों का सहयोग भी प्राप्त किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने परिवारों से अपील की कि वे जागरूक बनें और अपनी बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि 3 वर्ष का बच्चा अनिवार्य रूप से आंगनबाड़ी जाए तथा 6 वर्ष का बच्चा विद्यालय अवश्य जाए। विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब कोई भी बच्चा न तो बीमार रहे और न ही अशिक्षित।
उच्च शिक्षा में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री जी के निर्देशन में शिक्षा व्यवस्था को अधिक लचीला बनाया गया है, जिससे अब विद्यार्थी फिजिक्स के साथ संगीत और केमिस्ट्री के साथ भाषा जैसे विषयों का भी अध्ययन कर सकते हैं।
राज्यपाल जी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपना मार्ग स्वयं तय करें, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने के लिए सभी को जागरूक रहने का आह्वान किया।
उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवारों को ऐसे बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। सभी को समान सम्मान मिले और सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
इस दौरान राज्यपाल जी ने बालिकाओं को पोषण किट एवं टी0बी0 मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया। विदित है कि जनपद बलरामपुर में आज हुए एच पी वी टीकाकरण,  प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से दिनांक 4 फरवरी 2026 को जन भवन, लखनऊ में जनभवन एवं सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे के मध्य संपन्न हुए समझौता ज्ञापन (एम0ओ0यू0) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
उक्त एम0ओ0यू0 के अंतर्गत प्रदेश के आठ आकांक्षी जनपदों में लगभग 1.5 लाख बालिकाओं को एच0पी0वी0 वैक्सीन की कुल 3 लाख निशुल्क डोज उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरावस्था की बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से बचाव हेतु समयबद्ध एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है।
इस योजना के अंतर्गत चित्रकूट, फतेहपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, चंदौली एवं सोनभद्र जनपदों के आदिवासी एवं जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का निःशुल्क एच0पी0वी0 टीकाकरण किया जाएगा।
इस अवसर पर मंडलायुक्त श्री शशि भूषण लाल सुशील, कुलपति प्रोफेसर श्री रवि शंकर सिंह, जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *