हमीरपुर/सरीला। विधानसभा राठ क्षेत्र की तहसील सरीला अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत नो-मैपिंग श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई गुरुवार को की गई। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार सरीला राम मोहन ने तहसीलदार कक्ष में प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक सुनवाई की।
इस दौरान ग्राम धौहलबुजुर्ग एवं ममना के कुल 9 मतदाता सुनवाई हेतु उपस्थित हुए। मतदाताओं द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर अधिकारियों ने प्रकरणों की जांच की।
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि तहसील सरीला क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत नो-मैपिंग में चिह्नित 10,878 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ये नोटिस 10 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से बीएलओ द्वारा मतदाताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसके साथ ही लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित नोटिस भी बीएलओ के जरिए वितरित किए जा रहे हैं, जिनकी नियत तिथि पर सुनवाई की जा रही है।
बूथ संख्या 57 से 72 तक के नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई के लिए तहसीलदार राम मोहन को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नामित किया गया है। इन बूथों पर कुल 1182 मतदाताओं के सापेक्ष सभी 1182 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जिनमें से अब तक 302 नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
सुनवाई के दौरान रघुकुल द्विवेदी, आर.के. निर्वाचन भी मौजूद रहे। सुनवाई उपरांत नो-मैपिंग मतदाता संतुष्ट और खुश नजर आए। वहीं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से जुड़े 862 नोटिसों का वितरण भी बीएलओ के माध्यम से निरंतर कराया जा रहा है।
