हमीरपुर/कुरारा। बसंत पंचमी पर झलोखर गांव में कलश यात्रा निकालते हुए विष्णु महायज्ञ व श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ।
विकास खंड क्षेत्र के झलोखर गांव में बसंत पंचमी एवं गांव के स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रामीणों के सहयोग से विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा महापुराण का आयोजन किया गया। आयोजन के पहले दिन भव्य कलश यात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा यज्ञ स्थल से शुरू होकर गांव के विभिन्न देव स्थलों में पूजा-अर्चना करते हुए मां भुइंयारानी मंदिर स्थित तालाब से जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां विधिवत समापन किया गया। इस दौरान महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखे मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव का भ्रमण कर माहौल भक्तिमय बना दिया गया।
यज्ञाचार्य बृजेश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कुंड में अग्नि प्रज्ज्वलित कर यज्ञ की विधिवत शुरुआत कराई। यज्ञ के यजमान जयकला एवं शिरोमणि गर्ग तथा श्रीमद्भागवत कथा के यजमान दीपिका एवं राजकुमार भारद्वाज हैं। अयोध्या से पधारे कथा व्यास शिवम जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण शुभारंभ किया।
आयोजन की पूर्णाहुति 29 जनवरी को संपन्न होगी। समापन अवसर पर 31 जनवरी को मंदिर दरवाजा परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
