हमीरपुर/सरीला। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर तहसीलदार राम मोहन कुशवाहा ने सरीला क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में खनिज निधि के अंतर्गत कराए गए कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट क्लास, वाटर कूलर और इन्वर्टर की स्थिति परखी गई।
प्राथमिक विद्यालय खण्डौत में स्मार्ट क्लास संचालित पाई गई, जहां छात्र-छात्राएं गणतंत्र दिवस की तैयारियां करते हुए नजर आए। विद्यालय में वाटर कूलर व इन्वर्टर स्थापित मिले और दोनों उपकरण चालू अवस्था में पाए गए।
वहीं प्राथमिक विद्यालय क्योटरा भेड़ी डांडा दोपहर 2:35 बजे बंद मिला। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु ऑनलाइन रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रेषित कर दी गई है। इसके अलावा उच्च प्राथमिक विद्यालय खण्डौत एवं प्राथमिक विद्यालय क्योटरा भेड़ी डांडा में वाटर कूलर तो स्थापित पाए गए, लेकिन पानी की आपूर्ति सही नहीं पाई गई। तहसीलदार ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण से परिषदीय विद्यालयों में सुविधाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई है, जिससे सुधार की दिशा में कदम उठाए जाने की संभावना है।
