सियार के हमले से बुजुर्ग महिला जख्मी, वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

हमीरपुर/सरीला। हमीरपुर जिले के सरीला क्षेत्र के खेड़ाशिलजीत गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल सियार ने खेत में काम कर रही बुजुर्ग महिला पर अचानक हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

खेड़ाशिलजीत निवासी कुपजा रानी उम्र 65 अपने निजी ट्यूबवेल पर जानवरों के लिए हरियाली काट रही थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से आए एक सियार ने उन पर हमला बोल दिया। सियार ने महिला के दोनों हाथों में बुरी तरह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह सियार को भगाया और घायल महिला को बचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

घायल महिला के भतीजे कल्लू श्रीवास ने बताया कि सियार पागल प्रतीत हो रहा था और बेहद आक्रामक था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सियार को पकड़ने की मांग की है। घायल कुपजा रानी को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
वहीं इस संबंध में जब डिप्टी रेन्जर सरीला सुरजीत से बात की तो उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। सियार को पकड़ने के लिए मौके पर टीम भेजी गई है। जाल लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *