संवाददाता हमीरपुर। जनपद के विकासखण्ड भरुआ सुमेरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बदनपुर में सीएससी निर्माण कार्य की धनराशि भुगतान कराने के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अजय पाल साहू की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम मण्डल बांदा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव शिव शंकर पाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार सचिव शिव शंकर पाल, पटेलनगर भरुआ सुमेरपुर का निवासी बताया गया है। एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ा। इस कार्रवाई का नेतृत्व टीम प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने मय टीम के साथ किया।
मामले में विधिक कार्रवाई थाना मौदहा, जनपद हमीरपुर में की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।
