ब्यूरो ओमप्रकाश श्रीवास्तव
बाराबंकी।भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत जनपद में दिनांक 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली को सार्वजनिक किए जाने के क्रम में आज दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को विशेष अभियान तिथि पर जनपद के समस्त 2870 मतदान बूथों पर मतदाता सूची का विधिवत पठन/अवलोकन कराया गया।
इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा उपस्थित मतदाताओं को प्रकाशित मतदाता सूची का अवलोकन कराते हुए नाम सम्मिलन, नाम विलोपन, नाम संशोधन एवं स्थान परिवर्तन से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म–6, 6क, 7 एवं 8 के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया गया, जिससे कोई भी पात्र मतदाता सूची में सम्मिलित होने से वंचित न रहे।
कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी द्वारा विधानसभा क्षेत्र 268–बाराबंकी अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जलालपुर, जयहिंद इंटर कॉलेज, सेंट्रल अकादमी तथा सिटी इंटर कॉलेज में स्थापित बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वाचन/अवलोकन की प्रक्रिया, उपलब्ध अभिलेखों एवं बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की तथा उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उन्हें अपने विवरणों की जांच करने एवं आवश्यक दावा–आपत्ति समय से दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। इन दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित बीएलओ से बीएलओ ऐप पर प्राप्त हो फॉर्मो के निस्तारण प्रक्रिया फोटो सत्यापन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री निरंकार सिंह सहित समस्त विधानसभाओं के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण द्वारा विभिन्न बूथों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यक दावा-आपत्ति समय से प्रस्तुत करें। मतदाता ECINET मोबाइल ऐप एवं भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
