बाराबंकी । जनपद में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है। यह मतदान शनिवार तक चलेगा। इस चुनाव के माध्यम से बार काउंसिल के कुल 22 सदस्यों का चयन किया जाना है।
चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वकीलों की अच्छी खासी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ सक्रिय रूप से प्रचार में जुटे हुए हैं और अधिवक्ताओं से समर्थन की अपील कर रहे हैं।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीओ सिटी संगम कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो।
प्रशासन की निगरानी में मतदान सुचारु रूप से जारी है और अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।
