संवाददाता भरुआ सुमेरपुर/हमीरपुर। धर्म छिपाकर प्रेम जाल में फसाने के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने पर युवती के इंकार कर देने से खफा युवक ने नाबालिग के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में बीती रात वायरल कर दिए। इससे हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश पनप गया और उन्होंने लव जिहाद का आरोप लगाकर युवती के पिता को साथ लेकर थाने में जमकर हंगामा काटा और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए थाने के सामने हाईवे में जाम लगा दिया।
कस्बे में कमलेश तिराहा में रहने वाले एक युवक ने दूसरे समुदाय की नाबालिग युवती को अपना धर्म छिपाकर प्रेम जाल में फसांया और अश्लील वीडियो बना लिये। इसके बाद युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। युवती के मना करने पर युवक ने बुधवार को देर शाम युवती के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिए। वीडियो वायरल होते ही हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश पनप उठा और सुबह से ही पीड़िता के घर पर हिंदूवादी संगठनों के नेताओं, कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हिंदूवादी संगठन पीड़िता के पिता को साथ लेकर थाने पहुंचे और हंगामा करते हुए कठोर कार्यवाही की मांग की। साथ ही बाजार बंद कराकर थाने के सामने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने पीडिता के पिता की तहरीर पर कस्बा निवासी मौलाना खान एवं उसके पुत्र अबान खान के खिलाफ धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, दुष्कर्म करने आदि की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सुबह 10 बजे थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ आरोपी के आवास पर छापा मारा और आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
० करीब 11:00 बजे थानाध्यक्ष ने पीड़िता घर पुलिस बल भेजकर तहरीर मंगाई परंतु वह नहीं आये।
० करीब 12:00 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बजरंग दल, गौरक्षा संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, व्यापार मंडल के पदाधिकारी कार्यकर्ता बाजार बंद कराते हुए सैकड़ों की तादाद में थाने पहुंचे और कार्यवाही की मांग की।
० थाने पहुंचने के चंद मिनट के बाद हिंदूवादी संगठनों ने थाने के कार्यालय में घुसने की कोशिश की। इस पर थानाध्यक्ष अनूप सिंह भड़क उठे और आरएसएस, व्यापार मंडल के पदाधिकारी को धमकाने लगे।
० थानाध्यक्ष के इस रवैये से हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भड़क गए और थाने में सामने प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जाम लगा दिया।
० करीब 1:00 बजे सीओ सदर राजेश कमल थाने पहुंचे। थाने गेट पर उनकी गाड़ी को हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियो ने घेर लिया। गाड़ी से उतरते ही उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई।
० थाने में यह बवाल चल ही रहा था इसी बीच करीब 1:30 बजे दो दर्जन से ज्यादा हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता आरोपी के घर जा धमके और आवास पर जमकर तोड़फोड़ की।
० दोपहर करीब 2:00 बजे घटना की सूचना पाकर सदर विधायक डॉ मनोज कुमार प्रजापति, महामंडलेश्वर ज्योतिर्मानंद महाराज, चेयरमैन धीरेन्द्र शिवहरे के साथ थाने पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता कठोर कार्यवाही की मांग पर अड़े रहे।
० करीब 2:30 बजे पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके एफ आई आर की कॉपी उपलब्ध कराई।
० एफ आई आर की कापी लेकर सदर विधायक ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग पड़े रहे।
० हाईवे पर जाम लगने से दोनों तरफ सैकड़ो वाहनों के साथ यात्री बसें फंसी रही। इससे यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
चार घंटे तक हिंदूवादी संगठनों की गिरफ्त में रहा थाना और हाइवे
गुरुवार को कस्बे का थाना और हाईवे 4 घंटे तक हिंदूवादी संगठनों की गिरफ्त में रहा। पुलिस बचाव की मुद्रा में नजर आई और असहाय दिखी। इस दौरान हिंदूवादी संगठनों ने भगवा ध्वज लहराते हुए जमकर नारेबाजी की।
कस्बे के एक युवक की घिनौनी हरकत से कस्बे में तनाव व्याप्त हो गया। थानाध्यक्ष के थोड़े से तेवर तीखे कर लेने से मामला उलटा हो गया और पुलिस को बैक फुट में आना पड़ा। आक्रोश बढ़ने से हिंदूवादी संगठनों ने थाना सहित हाईवे में कब्जा जमा लिया और कार्यवाही की मांग पर अड़ गए। हिंदूवादी संगठनों को आकर्षित रूप देखकर पुलिस बैकफुट में आ गई और इनके प्रदर्शन के सामने असहाय दिखी। चार घंटे बाद सदर विधायक आदि के समझाने पर कार्यकर्ता माने और हाईवे सहित थाने से कब्जा हटाकर वापस घरों को लौट गए। यह घटना कस्बा में चर्चा का विषय बनी रही और पूरा बाजार बंद रहा।
