हमीरपुर/कुरारा। कुरारा थाना क्षेत्र के पतारा गांव में एक रात में उजड़ गया मजदूर का घर। आग ने छीन ली ज़िंदगी की कमाई। दर्दनाक अग्निकांड, सात लाख का नुकसान।
थाना क्षेत्र के पतारा ग्राम में बुधवार की रात करीब साढ़े 10 बजे एक गरीब मजदूर के घर में लगी आग ने उसके परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी। मेहनत की कमाई से जो घर बसाया गया था, वह कुछ ही पलों में राख के ढेर में बदल गया।
ग्राम पतारा निवासी बिहारी पुत्र रामआसरे रोज़ मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पेट पालते हैं। बुधवार रात करीब 10:30 बजे जब पूरा परिवार घर में सो रहा था। तभी अचानक आग की लपटें उठने लगीं। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग में घर का अनाज, बच्चों के कपड़े, बर्तन, चारपाई, बिस्तर, राशन और रोज़मर्रा की जरूरत का सारा सामान जलकर खाक हो गया। वर्षों की मेहनत और सपनों से भरा आशियाना पल भर में तबाह हो गया। पीड़ित के अनुसार इस अग्निकांड में करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की कोशिश की। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग बुझने के बाद बचा तो सिर्फ राख और पीड़ित परिवार की बेबसी।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर है। पीड़ित बिहारी ने थाना कुरारा में प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से तत्काल राहत, मुआवजा और आवासीय सहायता दिलाए जाने की गुहार लगाई है।
