हमीरपुर/सरीला। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को किया जा चुका है। अब नए मतदाताओं एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। ऐसे सभी व्यक्ति 6 फरवरी तक संबंधित प्रपत्र भरकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशन में रविवार 11 जनवरी को सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अपने-अपने बूथों पर आलेख्य मतदाता सूची का वाचन कराया गया। इस क्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार सरीला राम मोहन ने बूथ संख्या 100 ग्रामीण सचिवालय बरगवां, बूथ संख्या 68, 69, 70 व 71 कम्पोजिट विद्यालय ममना तथा बूथ संख्या 57, 58 व 59 उच्च प्राथमिक विद्यालय धौहलबुजुर्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्राम ममना एवं धौहलबुजुर्ग के बूथों पर तहसीलदार की उपस्थिति में बीएलओ द्वारा ग्रामीणों के समक्ष आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया गया। तहसीलदार सरीला ने उपस्थित ग्रामीणों को अवगत कराया कि 6 जनवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है, अतः सभी मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र व्यक्तियों के नाम सूची में नहीं हैं, वे नियमानुसार फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र एवं आवश्यक प्रमाण पत्र संलग्न कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे अनिवार्य रूप से फार्म भरकर बीएलओ के पास जमा करें। मतदाता सूची में संशोधन के लिए फार्म-8 तथा नाम विलोपन के लिए फार्म-7 भरा जा सकता है। यह सुविधा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बीएलओ के जरिए उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान सुपरवाइजर रामकृपाल, पदाभिहीत विंदाप्रसाद, बीएलओ शोभित कुमार गुप्ता, जुगेश कुमार, शरद कुमार, प्रभात कुमार एवं अंकित कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित ग्रामवासियों को मिठाई भी वितरित की गई।
