हमीरपुर/कुरारा। कुरारा कस्बा में महंगे दामों में बेची जा रही यूरिया खाद, वीडियो शोशल मीडिया में वायरल।
क्षेत्र में किसानों से यूरिया खाद की मनमानी कीमत वसूले जाने का मामला सामने आया है। जहां कस्बा कुरारा स्थित लक्ष्मी फर्टिलाइजर फर्म द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया खाद बेचे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसकी पुष्टि दैनिक युग वैभव नहीं करता है। वायरल वीडियो में किसानों ने आरोप लगाया है कि फर्म किसानों को मानक से अधिक दामों में यूरिया खाद उपलब्ध करा रही है। किसानों का कहना है कि घंटों इंतजार और भटकने के बाद भी सरकारी समितिओं में खाद न होने पर उन्हें मजबूरी में महंगे दामों पर प्राइवेट डीलरों से यूरिया खाद खरीदनी पड़ रही है।
आरोप है कि सरकारी दर तय होने के बावजूद किसानों से अतिरिक्त रकम वसूली जा रही है। यह मामला कुरारा कस्बे में सरकारी अस्पताल के सामने स्थित लक्ष्मी फर्टिलाइजर फर्म से जुड़ा बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद किसानों में नाराजगी है। उन्होंने कृषि विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में सदर एसडीएम केडी शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। जाँच के लिए कृषि अधिकारी को भेजा गया है। जाँच कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
