बाराबंकी। प्रभारी मंत्री मा0 श्री सुरेश राही ने गुरुवार को देवा क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सीधे मरीजों और छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के आवश्यक निर्देश दिए।
( सीएचसी देवा में स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण )
मा0 प्रभारी मंत्री ने सीएचसी देवा में दवा भंडार कक्ष, वितरण कक्ष, अल्ट्रासाउंड रूम, लेबर रूम, प्रेरणा कैंटीन और इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से चिकित्सकीय सेवाओं और दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने और प्रेरणा कैंटीन में मरीजों को गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश अधीक्षक को दिए। शौचालय में ड्यूटी पर लगे सफाई कर्मी और कैन्टीन संचालिका की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
( कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण )
मा0 प्रभारी मंत्री ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, देवा का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई-लिखाई के संबंध में सवाल पूछे और उनकी समझ व उत्तर पर संतोष व्यक्त किया। मंत्री ने स्टडी रूम, कंप्यूटर कक्ष, रसोईघर, स्लीपिंग रूम और शौचालय का निरीक्षण किया। रसोईघर में बने भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने और कमरों में साउंड रहित एग्जास्ट लगाने के निर्देश दिए। कंप्यूटर कक्ष में छात्राओं की पढ़ाई देखी और उन्हें प्रोत्साहित किया। कक्षा 9 व 10वीं की छात्राओं से भी संवाद किया और उनकी पढ़ाई की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर वार्डन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
