संवाददाता हमीरपुर। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे निर्माणों में बड़े स्तर पर गड़बड़ियां और अनियमिताएं सामने आ रही है। जल संरक्षण के लिए गांवों में कराए गए निर्माण कार्य एक साल भी नहीं चल सके और धराशाही हो गए। धगवां निवासी धनंजय सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए बताया कि सरीला क्षेत्र की ग्राम पंचायत धगवां में भूमि संरक्षण विभाग हमीरपुर की इकाई द्वितीय द्वारा अटल भूजल योजना के तहत 2024 2025 में बंधी निर्माण कार्य कराए गए थे, जिसमें काम के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई और घटिया सामग्री का प्रयोग किया जिससे एक ही बरसात में बंधी व पक्के स्ट्रक्चर टूट गये व निर्माण कार्यों की पोल खुल गई। वहीं सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में एक व्यक्ति निर्मित दीवार का सीमेंट हाथ से झाड़ते हुए घटिया निर्माण की ओर इशारा करते हुए धांधली के आरोप लगा रहा है।
ग्रामीण धनंजय का आरोप है कि अधिकांश पुलिया और बंधी कई जगह टूट गई, तालाबों की खुदाई में कमीशन और आजीविका सरोवर अंतर्गत गांवों में हुए निर्माणों में भ्रष्टाचार किया गया। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी से ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच करवाने की मांग की और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल में भी शिकायत दर्ज की है।
जब अवर अभियंता मयूर से जानकारी ली तो बताया कि अटल भूजल योजना के तहत बसरिया, चंडौत, धगवां गांवों में जल संरक्षण के लिए बंधी, पुलिया निर्माण कार्य कराए गए। निर्माण नया था। दूसरी कोटिंग नहीं हुई थी। टूटी बंधी की जानकारी नहीं है। शिकायतकर्ता ठेकेदार है जिसका पैसा पास नहीं हुआ तो शिकायत कर रहे हैं। परन्तु खुद अवर अभियंता स्टीमेट, बजट और अन्य संबंधित चीजें नहीं दिखा पाए और बच रहे हैं।
वहीं भूमि संरक्षण अधिकारी ओपी रावत से बात की तो उन्होंने कहा कि 100 प्रतिशत सही निर्माण है और सब कुछ धरातल पर मौजूद है। शिकायतकर्ता विभाग में मेडगिरी करता था। हम निरीक्षण करके आए है, सब कुछ ठीक है।
