नए और छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू, शल्लेश्वर इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम

 

संवाददाता हमीरपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कच्ची मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को हो चुका है। इसके बाद अब नए मतदाताओं तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति आगामी 6 फरवरी तक निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
कस्बा सरीला स्थित श्री शल्लेश्वर इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/तहसीलदार सरीला राममोहन ने की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को अवगत कराया गया कि कच्ची मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी को हो चुका है, अतः सभी मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिनका नाम छूट गया है, वे नियमानुसार आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
तहसीलदार सरीला ने बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे फॉर्म-6 भरकर विद्यालय में स्थापित मतदाता पंजीकरण कक्ष में जमा कर सकते हैं।
उपजिलाधिकारी सरीला ने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने पर जोर देते हुए कहा कि इससे निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूची से जुड़ी जानकारियां आसानी से प्राप्त होती हैं। कार्यक्रम के अंत में उपजिलाधिकारी द्वारा विद्यालय में बनाए गए मतदाता पंजीकरण कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *