सरीला में विराट दंगल का आयोजन, महिला पहलवानों की कुश्ती बनी आकर्षण

 

संवाददाता हमीरपुर/सरीला। कस्बा सरीला में शुक्रवार को प्रथम विराट दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए नामचीन पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दंगल का शुभारंभ उपजिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता और नगर पंचायत अध्यक्ष पवन अनुरागी ने सभी सभासदों के साथ फीता काटकर किया।
दंगल में महिला पहलवानों की कुश्ती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। 11 हजार रुपये की इनामी महिला कुश्ती में गाजियाबाद की महिला पहलवान अंशू ने झांसी की कोमल को पटकनी देकर विजेता बनी। महिला पहलवानों की कुश्ती पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
पुरुष पहलवानों की कुश्तियों में सौरभ (दिल्ली) व सोनू (जालौन), मनीष (कानपुर) व गोलू (इटावा), धर्मेन्द्र (कन्नौज) व राजू (मसगांव), पुष्पेन्द्र (छतरपुर) व विकास (गोपालपुरा), विकास (इटावा) व श्यामजी (झांसी) के बीच रोचक मुकाबले हुए। वहीं दयालपुरा के जितेन्द्र ने अटगवा के राघवेन्द्र को, भूरा मसगवां ने अजय पथरेटा को तथा रामशरण सरीला ने रमेश औरैया को पराजित किया। वहीं मंगल रहटिया और कलुआ राजस्थान के बीच हुई कुश्ती बराबरी पर छूटी। कुल मिलाकर लगभग 40 कुश्तियां कराई गईं। शनिवार को भी अखाड़े में पहलवानों की कुश्तियां होगी।
दंगल में कस्बे के वरिष्ठ पहलवान जयपाल यादव, करन यादव और हरनाथ पहलवान ने जोड़े मिलवाकर अखाड़े में पहलवानों को उतारा। आयोजन में मेला अध्यक्ष भारत यादव रहे, जबकि संचालन रामसेवक यादव, कुलदीप गुप्ता, गोरेलाल और अंकुश सैनी ने किया। रेफरी की भूमिका नरेंद्र सिंह यादव और दुर्गा सोनी ने निभाई। इसके अलावा 30 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रम होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए जरिया थाना प्रभारी सहित चौकी स्टाफ पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन समिति में लिपिक गंगा यादव, रामस्वरूप दादी, राजू मंडी, बिंद्रावन सहित समस्त वार्डों के सभासद मौजूद रहे। दंगल देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक उमड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *