संवाददाता हमीरपुर। आज नगर सरीला में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल की जयंती सरीला इकाई द्वारा श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में तहसील क्षेत्र के सभी पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सर्वप्रथम सभी पत्रकारों ने स्व. बाबू बालेश्वर लाल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उनके जीवन, संघर्ष, पत्रकारिता के प्रति समर्पण और संगठन निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. बाबू बालेश्वर लाल जी ने ग्रामीण पत्रकारिता को नई दिशा दी और पत्रकारों को संगठित कर उनके अधिकारों की आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और निर्भीकता से निर्वहन करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन के पदाधिकारियों द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले निर्देशों के अनुरूप संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण कुमार द्विवेदी, तहसील अध्यक्ष सुशील लखेरा, हरनारायण प्रजापति, वीरपाल राजपूत, अमित शुक्ला, रविन्द्र सिंह रिंकू, शिवबालक, धर्मेन्द्र सिंह यादव सहित तहसील के सभी पत्रकार मौजूद रहे।
